झारखंड में हम (से.) के विधायक चुनकर आएंगे, सरकार गठन में होगी निर्णायक भूमिका : डॉ. संतोष कुमार सुमन
कार्यकर्ताओं को तीन साल मेहनत करने का संदेश, बोले—गरीबों की लड़ाई अब हम (से.) की लड़ाई है
पटना, 26 अक्टूबर 2026।
हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि झारखंड के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती से उतरेगी। पार्टी के विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचेंगे और सरकार गठन में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। धनबाद स्थित न्यू टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में ‘हक़ की बात, हम के साथ’ जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले तीन वर्षों तक संगठन विस्तार और चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “तीन साल मेहनत कीजिए, आपका भविष्य हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) बदलेगा। गरीबों की लड़ाई अब हम (से.) की लड़ाई है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के अधिकार, सम्मान एवं न्याय के लिए संघर्ष करेगी।
डॉ. सुमन ने कहा कि धनबाद सहित झारखंड के कई क्षेत्रों में भू-धंसान, विस्थापन और जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएं गंभीर हैं। पार्टी इन मुद्दों को उठाकर उनके समाधान के लिए पहल करेगी। उन्होंने बताया कि अपने अगले झारखंड दौरे पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राज्य की प्रमुख जनसमस्याओं और पार्टी की मांगों को उनके सामने रखेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में जनता से सीधा संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं को नेतृत्व तक पहुंचाने की अपील की। डॉ. सुमन ने कहा कि ‘हक़ की बात, हम के साथ’ अभियान के माध्यम से पार्टी जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी राजनीतिक भूमिका निभाने के लिए तैयार होगी।